भाजपा ने प्रवक्ता नूपुर शर्मा को पार्टी से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। नूपुर ने पैगंबर मोहम्मद साहब पर विवादित बयान दिया था। इसके बाद पार्टी ने उन पर कार्रवाई की है। भाजपा ने कहा कि हम सभी धर्मों और उनके पूज्यों का सम्मान करते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक लेटर जारी कर कहा- भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करने वाली पार्टी है।
भाजपा ने नूपुर शर्मा के अलावा दिल्ली प्रदेश प्रवक्ता नवीन जिंदल पर भी कार्रवाई की है। जिंदल को भी पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया है। नूपुर के बयान का समर्थन करते हुए जिंदल ने ट्वीट किया था। वहीं जिंदल ने कहा है कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
देश की अखंडता और विकास प्राथमिकता: भाजपा
भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आजादी के 75वें साल में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना लगातार मजबूत हो रही है। हमारी पहली प्राथमिकता अखंड भारत और विकास है। देश की एकता बनी रहे, इसलिए हम लगातार काम कर रहे हैं।