रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल 30 अप्रैल को भगवान गौतम बुद्ध की जयंती (बुद्ध पूर्णिमा) के अवसर पर जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर आज यहाँ जारी शुभकामना संदेश में कहा- सत्य, अहिंसा, दया और करुणा जैसे सर्वोत्तम मानव मूल्यों पर आधारित भगवान बुद्ध के मूल्यवान विचार ढाई हजार साल का लम्बा वक्त गुजर जाने के बावजूद आज भी प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा- छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर भी सैकड़ों वर्षों से भगवान बुद्ध के उपदेशों का गहरा और अमिट प्रभाव रहा है। राज्य के लोगों की सहजता, सरलता और सौम्यता से भी इसकी पुष्टि होती है। महानदी के किनारे महासमुंद जिले के सिरपुर में प्राप्त बौद्धकालीन स्मारक और कबीरधाम जिले के सिली पचराही में मिले अवशेष इसके प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। डॉ. सिंह ने कहा- राज्य के कुछ अन्य इलाकों में भी बौद्ध संस्कृति के प्रमाण मिले हैं। इन सभी बौद्धकालीन ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के लिए सरकार वचनबद्ध है। मुख्यमंत्री ने भगवान गौतम बुद्ध से छत्तीसगढ़ सहित देश और दुनिया के सभी लोगों की तरक्की और खुशहाली के लिए आशीर्वाद की कामना की है।
बुद्ध जयंती पर राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
राज्यपाल श्री बलरामजी दास टंडन ने बुद्ध जयंती के अवसर पर प्रदेश के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध ने प्रेम, करूणा एवं दया की भावना को सर्वोपरि मानते हुए मानवता को नई राह दिखाई। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सामाजिक सौहार्द्र एवं सद्भावना कायम रखने के लिए हमें भगवान बुद्ध के विचारों तथा आदर्शों को जीवन में उतारने की जरूरत है।