चाणक्य नीति: ऐसे लोगों पर कभी नहीं होती है मां लक्ष्मी की कृपा, सदा रहते हैं कंगाल
How To Become Rich: आचार्य चाणक्य एक महान ज्ञानी, राजनीतिज्ञ और अर्थशास्त्री थे। उनके द्वारा बनाई गईं नीतियों का आज के समय में भी काफी महत्व है। उन्होंने अपनी चाणक्य नीति पुस्तक में व्यवहारिक जीवन से संबंधित सभी बातों को बड़ी ही सरलता के साथ बताया है। कहा जाता है कि जो व्यक्ति चाणक्य की इन नीतियों का सही से अनुसरण कर लेता है उसको जीवन में आने वाली सभी कठिनाईयों का हल मिल सकता है। यहां हम जानेंगे चाणक्य की नीति धन को लेकर क्या कहती है…
आचार्य चाणक्य दूरदर्शी और महान रणनीतिकार थे। उन्होंने चाणक्य नीति जैसा महान ग्रंथ लिखा है, जिसमें लोक कल्याण की बातें नीतियों के रूप में बताई हैं। यदि कोई व्यक्ति चाणक्य नीति में बताई गई बातों का पालन करता है तो वह अपने जीवन को सफल बना सकता है। भौतिक सुख-संसाधनों की प्राप्ति के लिए धन आवश्यक होता है। धन के महत्व को समझाते हुए आचार्य चाणक्य ने बताया है कि कुछ विशेष लोगों की आदतों के कारण उनके पास धन कभी नहीं रुकता है। उनका संपूर्ण जीवन दरिद्रता में ही बीतता है। आइए जानते हैं इस बारे में विस्तार से-
सुबह देर तक सोने वाला- आचार्य चाणक्य के अनुसार जो सुबह देर तक सोते रहते हैं और सूर्योदय हो जाने के बाद भी अपना बिस्तर नहीं छोड़ते हैं। ऐसे लोगों पर कभी भी मां लक्ष्मी की कृपा नहीं बरसती हैं। ऐसे लोगों के यहां सदा दरिद्रता का वास होता है।
शारीरिक गंदगी वाला-चाणक्य नीति में आचार्य चाणक्य कहते हैं कि जो लोग गंदे वस्त्र पहनते हैं, अपने दांत साफ नहीं करते हैं और साफ-सफाई से नहीं रहते हैं, ऐसे लोगों के यहां मां लक्ष्मी कभी वास नहीं करती हैं।
अधिक भोजन करने वाला-नीतिशास्त्र के अनुसार आवश्यकता से अधिक भोजन का उपभोग भी दरिद्रता की ओर ले जाता है। जो लोग आवश्यकता से अधिक भोजन का उपभोग करते हैं, उनकी सेहत तो खराब होती ही है। साथ ही ऐसे लोगों के यहां सदा अन्न और धन की परेशानी बनी रहती है।
कटु बोलने वाला-चाणक्य नीति में आचार्य चाणक्य कहते हैं कि मनुष्य को सदैव मीठी वाणी बोलनी चाहिए। मीठी वाणी बोलने वाला सभी का प्रिय होता है और समाज में वह सदैव सम्मान पाता है। कठोर वाणी बोलने के कारण न केवल लोगों से संबंध खराब होते हैं बल्कि ऐसे घर में कभी मां लक्ष्मी का वास नहीं होता है।