राज्यपाल श्रीमती पटेल ने संगीतमय फौव्वारे का लिया आनंद

रायपुर. राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज शाम यहां अटल नगर (नया रायपुर) में सेक्टर-19 में स्थित राजधानी सरोवर में स्थापित संगीतमय फौव्वारे, मल्टी मीडिया लेजर एवं वीडियो शो का अवलोकन किया। इस दौरान लेजर शो के माध्यम से छत्तीसगढ़ कीे विशेषताओं और अटल नगर में उपलब्ध सुविधाओं को प्रदर्शित किया गया। राज्यपाल श्रीमती पटेल ने शो का आनंद लिया और उसकी अत्यंत सराहना की। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल आज शाम यहां अटल नगर (नया रायपुर) में स्थित जंगल सफारी का अवलोकन किया और टाईगर सफारी, लायन सफारी का अवलोकन किया। सफारी में बाघिन और उसके शावक तथा सिंहनी और उसके शावक नजर आए। उन्होंने जंगल सफारी की परिकल्पना की सराहना की। तत्पश्चात् उन्होंने खण्डवा जलाशय में नौकायन किया। इस अवसर पर वन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सी. के. खेतान सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज शाम यहां अटल नगर (नया रायपुर) में स्थित पुरखौती मुक्तांगन का भ्रमण किया। वहां पर उन्होंने बस्तर प्रखण्ड में धुर्वा और मुरिया जनजातियों के आवास गृहों एवं घोटुल की प्रतिकृति का अवलोकन किया और आदिवासी संस्कृति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मुक्तांगन स्थित मातागुड़ी और नारायणपाल मंदिर की प्रतिकृति का भी अवलोकन किया और आदिवासियों की धार्मिक मान्यताओं आदि की जानकारी ली। राज्यपाल के समक्ष पंथी नृत्य एवं करमा नर्तक दलों ने नृत्य प्रस्तुत किया। राज्यपाल श्रीमती पटेल ने नर्तकों से बातचीत की और उनकी प्रशंसा की। इस अवसर पर संस्कृति विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारिक और संचालक श्री तारण सिन्हा तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।