जब LJP चीफ चिराग पासवान के पिता रामविलास को मनाने खुद उनके बंगले पर पहुंच गई थीं सोनिया गांधी
Sonia Gandhi Chirag Paswan LJP: चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (लोक जनशक्ति पार्टी) टूट को लेकर चर्चा में है। चिराग पासवान से बगावत करते हुए पार्टी के पांच सांसदों ने मोर्चा खोल दिया है। एलजेपी का गठन चिराग के पिता रामविलास पासवान (Ramvilas Paswan)ने किया था। एक बार रामविलास पासवान को मनाने खुद सोनिया गांधी उनके बंगले पर पहुंच गई थीं।
रामविलास पासवान ने साल 2000 में जदयू से अलग होकर लोक जनशक्ति पार्टी बनाई थी। इसके साथ ही वह अटल बिहारी वाजपेयी की एनडीए सरकार की हिस्सा भी बन गए थे।
2002 में गोधरा कांड के बाद पासवान की लोजपा ने एनडीए से किनारा कर लिया था। 2004 के आम चुनावों में एलजेपी के खाते में 4 लोकसभा सीटें आई थीं।
जब 2004 के चुनाव के परिणाम घोषित हुए तो एनडीए सरकार बनाने की स्थिति में नहीं थी। तब कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए ने सरकार बनाई।
सरकार के गठन से पहले सोनिया गांधी ने रामविलास पासवान की लोजपा को भी अपने साथ मिला लिया था। राम विलास पासवान को यूपीए सरकार में मंत्री भी बनाया गया था।
रामविलास पासवान को अपने साथ लाने के लिए सोनियी गांधी ने पहल की थी। वह पासवान को मनाने खुद उनके बंगले पर पहुंच गई थीं। पासवान भी सोनिया का आग्रह नहीं ठुकरा पाए। हालांकि आगे चलकर पासवान एक बार फिर से यूपीए से अलग होकर एनडीए का हिस्सा बन गए थे।